॥ सूक्ष्म और विस्तार ॥ · कहानी
झांकी
झांकी एक मूक अभिनय है जो बहुत कुछ भाव से कह देता है, झांकी वक्त व समय के अनुसार लगी हो तो वह काफी प्रभाव छोड़ती है नवरात्र हो या गणेश उत्सव धर्म प्रेमियों का उत्साह व भाव देखते ही बनता है फिर ईश्वर के दृश्य या कहें झांकियां नित्य बदल बदल कर लग रही हो तो वे जुबान भी आह भरते है, बिन पैरों वाले भी देखने का उत्साह रखते हैं। निराकार को आकार में व्यक्त करने व देखने की हमारी बहुत पुरानी परम्परा रही है, वैसे विश्व में कई तरह की मूर्तियों व चित्रों की श्रृंखला मिलती है जो उस समय की सभ्यता और संस्कृति का वर्णन करती हैं, अब ये बात अलग है कि हर देश का पुरातत्व विभाग अपनी अपनी सभ्यता और संस्कृति को श्रेष्ठ सिद्ध करने में लगा हुआ है। झांकी सामाजिक राजनीतिक आदि भी हो सकती है, भारतीय ग्रंथों में व भारतीय सभ्यता व संस्कृति में झांकियों की कमी ही नहीं है। नाना भांति की सैकड़ों भावों की झांकियां आपको मिल जाएंगी मेरे मन को हमेशा एक झांकी भाव विभोर कर देती है यह झांकी है महाभारत ग्रंथ की अगर मेरी भूलों को आप माफ कर दे तो मेरे साथ साथ आप भी झांकी के दृश्य को महसूस कीजिए, व रहस्य को भी जानो, और मुझे आप से ज्यादा निपुणता नहीं आती है, मैं तो आपके आशीष का अभिलाषी हूं, एक प्रयास मात्र है। धर्म भूमि कुरूक्षेत्र में जब कौरव और पाण्डव युद्ध कर रहे थे, पितामह भीष्म व गुरु द्रोणाचार्य के बाद दुर्योधन ने अपनी सेना का सेनापति कर्ण को बनाया सूर्यपुत्र की वीरता पर सन्देह तो स्वयं भगवान को भी नहीं था कर्ण के बाणों से जब पाण्डव दल निराश हो गया कर्ण अपने उत्साह से हताश और निराश हो चुके कौरव दल में नया उत्साह को भर रहे थे। पाण्डव दल के कई महारथियों को जब कर्ण परास्त कर चुके तब मधुसूदन ने अर्जुन का रथ कर्ण के रथ के आगे लगा दिया। घायल व्यक्ति अगर जीवन संचार पा जाए युद्ध में तो वह काल से भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है। इसलिए कर्ण को रोकना बहुत जरूरी हो गया था, कर्ण और अर्जुन में बड़ा भारी युद्ध हुआ युद्ध जब चल रहा था उसी वक्त कर्ण के रथ का पहिया जमीन में धंस गया, सूर्य पुत्र रथ से उतरा और रथ के पहिए को निहारा पास गया दोनों हथेलियां पहिए पर मारी फिर दोनों बाजुओं से रथ के पहिए को पकड़ा और लगा खींचने।
ये क्या दृश्य उत्पन्न हुआ, कर्ण शक्ति लगते ही समस्त वसुंधरा हिली भगवान ने अपनी अविलम्ब शक्ति लगाई कहीं कर्ण की शक्ति से वसुंधरा लक्ष्य से न भटक जाए। समस्त कुरूक्षेत्र में हाहाकार मच गया पृथ्वी के उठते ही समस्त ब्रह्मांड की गति बदल ---------
अब अंदाजा लगाओ कर्ण के बाजुओं में कितना बल होगा जिसने समस्त पृथ्वी को प्रतिरोध के बाद भी उठा दिया -----------। परन्तु ये क्या बाजुओं में इतना तपोबल होने के बाद भी रथ का पहिया जमीन से नहीं खींचा आश्चर्य की बात तो यह है। पृथ्वी व शक्तियां पहिया से ही उठी लेकिन काठ के पहिए का कुछ नहीं बिगड़ा काठ भी भला इतना मजबूत होता है क्या।
झांकी का दृश्य क्या बना, कर्ण रथ के पहिए में ताकत लगा रहा है पहिया से समस्त पृथ्वी उठ रही है, भगवान श्याम सुंदर उसे (पृथ्वी) दबा रहे हैं लेकिन रथ का पहिया पृथ्वी से नहीं खिच रहा है।
अब हम अध्यात्म की दृष्टि से रहस्य को देखें श्याम सुंदर का जो बल है, वह है ब्रह्म का बल, कर्ण ने जो बल लगाया वह है भक्त के तप का बल, काठ के पहिए में जो बल लगा था जिससे पृथ्वी तो उठ गई पहिया ना टूटा न पृथ्वी से खिचा वह था निर्बल का बल।
भाव क्या है, भक्त का बल ब्रह्म के बल को क्षीण कर देता है, निर्बल का बल समस्त बल क्षीण कर देता है।
इस झांकी से क्या विचार बना, जिस राज्य की नीति निर्बल को संरक्षित करती हो उद्दंड को दण्ड देती हो ऐसे राज्य का इंसान और इंसान के द्वारा निर्मित अस्त्र शस्त्र की तो बात ही क्या है स्वयं ब्रह्म भी तीनों रूपों में राज्य के विरोध में लड़ने को आ जाएं तब भी वह विजय प्राप्त नहीं कर सकते हैं।
तथा राष्ट्र की भूमि को सुई की नोक के बराबर भी अधिग्रहित नहीं कर सकते।
कहने का भाव है जिस राजा की नीति निर्बल व दीन दुखियों को आत्मनिर्भर बनाती हो उद्दण्ड को दण्ड देती हो, स्पष्ट और पारदर्शी प्रशासन हो संसार की समस्त शक्तियां उसके आगे क्षीण हो जाती है।
युधिष्ठिर की नीति में निर्बल का बल था कौरवों की तरफ से लड़ने वाले कई महारथी पांडव महारथियों से बल बुद्धि में श्रेष्ठ थे लेकिन युधिष्ठिर की नीति दुर्योधन के मुकाबले श्रेष्ठ थी, जहां नीति श्रेष्ठ होती है, वहां हर चीज श्रेष्ठ होती चली जाती है, इसलिए सिर्फ राज्य या राजा की ही नीति क्यों, समाजों की भी, एवं हो सके तो स्वयं की भी नीति श्रेष्ठ रखो।
— प्रकाश चन्द्र सेठ