॥ सूक्ष्म और विस्तार ॥ · कहानी
सत्यवान
मद्रदेश के धर्मात्मा कर्म प्रिय राजा अश्वपति के यहां सावित्री देवी की कृपा से एक तेजस्विनी सौभाग्य कांक्षिणी उत्पन्न हुई, वह सावित्री देवी की कृपा से हुई थी, इसलिए राजा ने पुत्री का नाम सावित्री ही रखा। सावित्री समय अनुसार बढ़ने लगी जब वह बाल अवस्था में ही थी, तो कभी-कभी राजा रानी से ऐसे प्रश्न करती कि दोनों उसके प्रश्नों का उत्तर देने में असमर्थ हो जाते, जब पुत्री को अपने प्रश्नों का समाधान ना मिलता तो वह मायूस हो कर रह जाती, राजा से पुत्री का यह हाल देखा ना जाता और वह भी निराश होकर राज दरबार में चले जाते, राजा एक दिन जब निराश हो राज दरबार में बैठे थे, उसी समय एक मंत्री ने राजा से विनम्र भाषा में निराशा का कारण जानना चाहा तब राजा ने अपनी पुत्री की बात राज दरबार में प्रकट की राजा के वचनों को सुन एक वृद्ध मंत्री ने कहा राजन
"शिक्षा का मूल रहस्य है
शरीर के अंदर जिज्ञासा,
उत्पन्न करना है" और
"शिक्षक का उत्तरदायित्व है
उन जिज्ञासाओं को, शिक्षा के
द्वारा समाधान करना"
इसलिए राजन जिस राज्य की शिक्षा बच्चों की जिज्ञासाओं समस्याओं का समाधान न कर सके एक दिन उस राष्ट्र का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा, समस्त मंत्रियों ने इस पर सहमति जताई तब राजा ने कहा इसका समाधान किया है तब समस्त मंत्रियों ने विचार-विमर्श कर कहा राजन सावित्री को शास्त्रों का स्वाध्याय कराया जाए, राजा थोड़े संकोच कर बोले, पुत्री और शास्त्रों की शिक्षा, मंत्री बोले राजन पुत्र और पुत्री में कोई अंतर ही नहीं है इसलिए सावित्री को राजा ने मंत्रियों की सलाह मानकर शास्त्रों का अध्ययन करने गुरुकुल भेज दिया, सावित्री ने एकाग्रचित्त होकर अध्ययन किया। जब सावित्री शास्त्रों में निपुण हो गई, तब वह पिता के यहां राज्य परिवार में लौट आई। आश्रम से आए हुए साधकों ने बताया कि महाराज अब आपकी पुत्री संपूर्ण शास्त्रों में निपुण है, तथा जीवन में जब भी आप असमंजस में हो तो कई समस्याओं के समाधान तो आपकी पुत्री ही कर दिया करेगी। राजा को यह बात थोड़ी अभिमान पूर्ण लगी कि मेरी पुत्री मुझसे ज्यादा जानती है क्या। सावित्री की परीक्षा लेनी चाहिए। तथा प्रश्न करना शुरू कर दिया, जब संवाद ज्यादा बढ़ा, तो पिता ने पुत्री से कठिन प्रश्न किए, परन्तु सावित्री ने सहजता से सभी के उत्तर दे दिए। राजा को लगा मैं ऐसे प्रश्न करूं कि मेरी पुत्री उत्तर ही न दे पाए तो वह मर्यादा भूल गए, और काम से संबंधित प्रश्न करने लगे लेकिन आश्चर्य तो यह था कि उनके भी उत्तर सावित्री ने दे दिए, राजा को जब अपनी भूल का एहसास हुआ तो उन्होंने अपनी पुत्री को यह वचन दे दिया कि वह अपना पति स्वयं चुनें, वैसे तो यह पिता का कार्य है परंतु मैं आज से तुम्हें और संपूर्ण नारी जाति को वचन देता हूं जिसे तुम पसंद कर लोगी मैं उसके साथ मैं तुम्हारा पाणिग्रहण संस्कार कर दूंगा।
राजा अश्वपति ने एक बहुत ही सुंदर स्वर्णजड़ित रथ बनवाया व सुरक्षा के लिए कुछ सैनिकों को एवं सलाह के लिए योग व विद्वान ब्राह्मण मंत्रियों को सावित्री के साथ कर दिया, अब सावित्री रथ पर बैठकर अपने भावी जीवन के हमसफर को खोजने के लिए निकली, सावित्री ने कई नगरों का, कस्बों एवं ग्रामों का भ्रमण किया, मगर उसे मनपसंद श्रेष्ठ वर कहीं नहीं मिला, सावित्री जब जंगल मार्ग से जा रही थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, उसी जंगल के रास्ते में शाल्वदेश के अपने ही मंत्रियों के हाथों राज्य खो चुके राजा द्युमत्सेन अपनी पत्नी व अपने प्राणों से प्यारे पुत्र सत्यवान के साथ रहते थे। सत्यवान अपने माता-पिता की दिन-रात सेवा करता उसका यही काम था उसे अपने आप की तो फिक्र ही ना थी एक रोज वह जंगल में लकड़ी काट रहा था कि वहां से सावित्री निकली, सावित्री ने ज्यों ही सत्यवान को अपना एकाग्रचित्त होकर कार्य करते देखा तो सावित्री वहीं रुकी, तथा अपने मंत्रियों से सत्यवान का परिचय जानने को कहा, मंत्रियों ने सत्यवान के पास जाकर विनम्र भाषा में अपना परिचय दिया फिर सत्यवान से अपना परिचय जानना चाहा, सत्यवान ने अपना परिचय दे आश्रम में अपने माता पिता के साथ रहने की बात कही, सावित्री सत्यवान की सच्चाई जानने के लिए आश्रम में चल दी, सावित्री जब आश्रम में अपने मंत्रियों के साथ पहुंची तब आश्रम में उसने सत्यवान के माता-पिता को प्रणाम किया तथा जैसा सत्यवान ने कहा था वैसा ही आश्रम में पाया, इसलिए सावित्री ने सत्यवान से विवाह करने का फैसला कर लिया, व अपना निर्णय मंत्रियों को सुनाया अब एक विद्वान मंत्री ने सावित्री का परिचय द्युमत्सेन को दिया। कि मद्रदेश के राजा अश्वपति इनके पिता तथा मां धर्मवती मालवी है, तथा इनके पिताश्री ने इन्हें अपना वर चुनने का अधिकार दिया है, सो यह संपूर्ण राष्ट्र में भ्रमण कर आई है, इन्हें आज तक कोई पसंद ही नहीं आया है, इसलिए जब हम सब जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे तब इन्होंने आपके पुत्र सत्यवान को देखा व परिचय प्राप्त कर आश्रम में आए जैसा बोला था वैसा पाया है, सो अब यह सत्यवान के साथ विवाह करने की विधि पूर्वक आपसे आज्ञा चाहती हैं, जिससे यह अपने पिता से होने वाले वर का परिचय दे सके, इस बारे में आपकी क्या राय है, द्युमत्सेन के आश्चर्य की कोई सीमा ना रही और वह संभलते हुए बोले कि जिस पुत्री ने संपूर्ण राष्ट्र का भ्रमण किया हो एवं आज तक किसी का पुत्र पसंद नहीं आया हो और धन्य हूं मैं कि मेरा पुत्र पसंद आया है व जगत में आज मुझसे ज्यादा कोई भी सौभाग्यशाली नहीं है, लेकिन पुत्री मैं तुम्हारा भविष्य कैसे बिगाड़ दूं हम दोनों प्राणी अंधे सत्यवान का सारा जीवन हमारी सेवा में ही व्यतीत हो जाएगा तुम्हें क्या सुख दे पाएगा, इसलिए पुत्री अपना निर्णय बदल दो सावित्री ने कहा पिताजी "महान परिवार वह नहीं है जो सफलता के दौर में सत्य पर चल रहा हो बल्कि उच्च आदर्श वाला परिवार वह है जो असफलता के दौर में भी सत्य पर चल रहा हो सत्य से विचलित न हुआ हो" सावित्री ने कहा पिताजी आपने मुझे पुत्री कहा है इसलिए मुझे सेवा करने का मौका दीजिए यह अधिकार अब मुझसे न छीनिए, आखिर द्युमत्सेन सावित्री की विनय के आगे हार गए और सावित्री को सत्यवान से विवाह करने का वचन दे दिया। सावित्री अपने साथियों सहित हर्षित हो मद्रदेश को चली, अपने पिता के महल पहुंची जब पिता ने देखा कि पुत्री हर्षित होकर लौटी है, उन्हें समझने में देर न लगी कि पुत्री ने सुयोग्य वर ढूंढ लिया है। पुत्री जब पिताश्री से आज्ञा लेकर चली गई तब मंत्रियों से राजा ने रास्ते का सब वृतांत जानना चाहा मंत्रियों ने विस्तारपूर्वक राजा को सब घटनाक्रम सुनाया और अपने अपने घर को चले गए। तभी देवयोग से देव ऋषि नारद जी राजा के यहां पहुंचे राजा ने देव ऋषि का स्वागत किया व आदर सहित आसन ग्रहण करने को कहा। देव ऋषि ने अश्वपति के हर्षित होने का कारण पूछा तो राजा ने सावित्री का सब वृतांत कह सुनाया, अश्वपति ने नारदजी से सत्यवान और सावित्री के दाम्पत्य जीवन का भविष्य बताने की अपने मन की इच्छा प्रकट की। देव ऋषि नारद जी बोले राजन सावित्री ने संसार का अब तक का श्रेष्ठ पति चुना है। परंतु, देव ऋषि जी शांत हो गए, राजा ने बेचैन होकर कहा देव ऋषि परन्तु क्या, परन्तु, यह एक वर्ष तक ही सुखमय रहेगा, देव ऋषि नारद जी फिर शान्त हो गए।
राजा ने अति बेचैन होकर कहा ऋषि इसके बाद क्या होगा कृपया जल्दी बताइए मेरा तो गला सूखा जा रहा है, देव ऋषि बोले राजन होनी बड़ी होनहार होती है, और उसको टाला नहीं जा सकता है, एक साल बाद सत्यवान की मृत्यु हो जाएगी क्योंकि यह अल्पायु है, राजा सावित्री का एक साल बाद ही वैधव्य सुनकर चेहरा जो थोड़ी देर पहले हर्षित था अब मलिन हो गया, राजा ने नारदजी के पैर पकड़ लिए और गिड़गिड़ाते हुए बोले देव ऋषि आपको तो पता ही है, कि कितनी आराधना के बाद मेरे एक पुत्री हुई है, और उसका भी एक साल बाद वैधव्य मय जीवन प्रभु कोई मार्ग बताइए। देव ऋषि बोले अश्वपति मार्ग तो आसान है अगर कर सको तो, राजा बोले ऋषि आप बताइए तो देव ऋषि बोले सुनो सत्यवान की जगह कोई दूसरा पति चुन लो थोड़ा अयोग्य ही होगा लेकिन आयु तो लंबी होगी, राजा देव ऋषि से बोले लेकिन शास्त्रों में तो लिखा है "जो पिता अपनी पुत्री का विवाह अयोग्य वर से करता है वह पुत्री हर रोज वैधव्य मय जीवन प्राप्त करती है" इसलिए अयोग्य वर से कैसे विवाह कर दूं मैं भी तो एक पिता हूं, नारद जी नाराज होते हुए (मन में हंसते हुए) बोले देखो अश्वपति तुम्हारा और तुम्हारी पुत्री का तो दिमाग खराब हो गया है, हर बात में शास्त्र शास्त्र करते रहते हो, अब यह दुनियादारी में शास्त्रों की मानता कौन है, अब बड़े बुजुर्गों की, सद्ग्रंथों की बातें मानता कौन है, मैंने सोचा कि मेरे भक्त पर संकट आया है, जाकर उसका निवारण करूं मार्गदर्शन करूं विपत्ति में जो काम ना आए ऐसा प्रभु (मित्र) किस काम का, यहां तो उल्टा मुझे ही शास्त्रों का अध्ययन कराया जा रहा है, इसलिए अश्वपति मैंने तो सत्य कह दिया अब जो तुम दोनों पिता पुत्री को दिखे सो करो मैं तो चला अपने लोक, नारायण, नारायण, नारायण.........
अश्वपति ने अपनी पुत्री को बुलाया और स्वयं चिन्ता मग्न होकर बैठे हुए थे, तभी सावित्री पिता के पास आई पिता को निराश देख सावित्री ने कहा व्यक्ति को कभी भी निराश नहीं बैठना चाहिए, अश्वपति बोले चाहे असफलता ही हाथ लगी हो, सावित्री ने कहा "असफलता का मतलब यह नहीं है कि सफलता नहीं मिलेगी निरन्तरता बनाए रखिए निराश होकर ना बैठिए क्योंकि निराश व्यक्ति को नरक में भी स्थान नहीं मिलता" अश्वपति सावित्री की वाणी सुनकर थोड़े हर्षित होकर बोले, पुत्री भाग्य ही खराब हो जिस पुरुष का निरन्तरता क्या करेगी, सावित्री बोली पिताजी "पुरुष का भाग्य, नारी का चरित्र, एक पलक झपकने में जो समय लगता है, उससे एक हज़ार गुना, कम समय में बदल जाता है" इसलिए प्रयास तो करते रहना चाहिए। तो क्या पुत्री पुरुष को भाग्य के सहारे बैठ जाना चाहिए, पिताजी बैठने वालों का तो भाग्य नहीं बनता भाग्य तो कर्म करने वालों का बनता है, वो भी तब जब सफलता और असफलता में भी जो निरन्तरता बनाए रखते है उन्हीं व्यक्तियों का प्रारब्ध भाग्यशाली बनता है। जो फल की चिंता करते हैं जीवन में वह कभी सफल नहीं हो सकते हैं। अश्वपति मृत्यु की बात गुप्त रख बोले पुत्री सत्यवान से तुम्हारा विवाह न हो पाएगा, यही मेरी निराशा और तुम्हारी यात्रा की असफलता का कारण है, इसलिए पुत्री तुम कोई दूसरा वर बताओ जिसे तुमने दूसरे नंबर पर रखा हो, सावित्री ने कहा पिताजी संसार सागर में दाम्पत्य जीवन में परछाई की तरह जीवन संगिनी के साथ यश और अपयश में मान और अपमान में एवं हर परिस्थिति में साथ बना रहे ऐसा पति होना चाहिए, पिताजी सदचरित्र स्त्री या पुरुष दो नहीं एक ही होते हैं, और इनके नंबर नहीं होते मैं कोई व्यापार करने थोड़ी गई थी, मैं तो अपने दाम्पत्य जीवन कि हर परिस्थिति में सुख हो या दुख में साथ रहे और पिताजी मुझे पूर्ण विश्वास है कि सत्यवान एक सद्चरित्र पुरुष हैं, जिस पर स्त्री अपने पति रूप में गर्व कर सके, इसलिए दूसरा तो कोई है ही नहीं, और वैसे भी पिताजी जैसे, संपत्ति भाइयों में जिस तरह से,
एक बार ही बटती है, कन्या एक,
बार ही दी जाती है, पति को,
अगर पुत्री कोई भाई, बार बार
संपत्ति बांटे तो, तो, पिताजी वह
एक पिता के जाए हैं ही नहीं,
बल्कि वह किसी इंसान के जाए भी नहीं है। परंतु पुत्री अभी-अभी नारद जी कहकर गए हैं, सत्यवान अल्पायु है इसलिए किसी दूसरे पुरुष से सावित्री का विवाह कर दो, अब मैं असमंजस में हूं, क्या करूं, क्या ना करूं। सावित्री ने कहा, पिताजी मैंने सत्यवान छोड़ किसी को पसंद नहीं किया क्योंकि सत्यवान छोड़ मुझे किसी में एक अच्छे पति के गुण नहीं दिखाई दिए। अश्वपति बोले पुत्री मैंने तो तुम्हारे ही सुख की खातिर तुमसे ऐसा कहा है, क्योंकि देव ऋषि नारद जी की वाणी मिथ्या न निकलेगी, कि सत्यवान का जीवन एक वर्ष ही शेष है, सावित्री बोली पिताजी मृत्यु लोक में जो आता है वह सुनिश्चित जाता है तथा इसमें इतने घबराने की क्या बात है। जब तुम्हें एक साल बाद ही वैधव्य प्राप्त हो जाएगा तो तुम्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ेगा, सावित्री ने कहा बस आपको आलोचनाओं का डर है तो पिताजी "आलोचनाओं की वजह से सत्य नहीं छोड़ना चाहिए और सत्यवान पतियों में श्रेष्ठ सत्य है" सावित्री की पाण्डित्यपूर्ण बातों से अश्वपति हार गए, सत्यवान से विवाह संस्कार करने का निर्णय दे दिया। राजा विद्वान ब्राह्मणों, सावित्री एवं धन धान्य लेकर जंगल में गए और राजा द्युमत्सेन को अपनी पुत्री का सत्यवान से विवाह करने का निर्णय सुनाया, शाल्व नरेश ने कहा कि आप तो जानते ही हो कि हम जंगल में रहने वाले हैं हमारे पास कुछ नहीं है और तुम्हारी पुत्री महलों में पली बढ़ी है वह जंगल में क्या सुख पाएगी अश्वपति बोले सुख और दुख का महल और झोपड़ी से कोई संबंध नहीं है, जो इन चीजों को अच्छी तरह से जानता है वह मनुष्य इन दोनों से प्रभावित नहीं होता है, मैंने संसार में देखा है जिनके पूर्वजों ने गौशालाएं, धर्मशालाएं, शिक्षाशालाएं बनवाई है, आज उन्हीं के बच्चे वही चोरी कर रहे हैं। इतिहास में जिनका स्वर्ण अक्षरों में नाम दर्ज है आज उनके ही वंशजों का भय और आतंक चहुं ओर व्याप्त है। इसको आप क्या कहेंगे, राजन समय बड़ा बलवान होता है। कब भिखारी को सबका स्वामी बना दे, और सबके स्वामी को महादरिद्र दर-दर का भिखारी बना दे, कोई नहीं जानता, "वह किसी से ना हारे,
हुआ उन्हें यही गुमान था,
हरी इच्छा भावी प्रबल,
घर ही बना शमशान था"
इसलिए राजन ना तो मैं, और ना ही मेरी पुत्री इन वैभवशाली भौतिक चीजों को मानते हैं, हम केवल वर्तमान में जीते हैं, और मुझे सत्यवान और आप पसंद है इसलिए मैं चाहता हूं कि दोनों का विधि विधान से विवाह संस्कार कर दिया जाए अब आपकी क्या सहमति है, सो निसंकोच कहिए, द्युमत्सेन बोले, आप जैसा विद्वान समधी और सावित्री जैसी विदुषी पुत्रवधू के लिए कोई अति महत्वाकांक्षी ही मना करेगा। और उन्होंने सत्यवान से सावित्री का पाणिग्रहण संस्कार कर दिया यथा सामर्थ ब्राह्मणों को एवं सत्यवान के पिता द्युमत्सेन को दान दिया और अपने महल में आ गए। सावित्री अपने पति के साथ जंगल में ही रहने लगीं।
अब जैसे ही एक साल होने को आया तीन दिन शेष रहते सावित्री ने निराहार व्रत रखा तथा वह सोई भी नहीं जब आखिरी दिन आया तो सत्यवान जंगल में फल-फूल समिधा आदि लेने को जाने लगे तब सावित्री भी साथ चली दी सत्यवान और सावित्री ज्यों ही जंगल में पहुंचे तो जंगल में जाते ही सत्यवान का सिर दुखने लगा और वह एक वृक्ष के नीचे बैठ गए सावित्री भी उनके साथ वहीं पर बैठे गई, अब सत्यवान को और तेज पीड़ा हुई तो वह सावित्री की गोद में सर रखकर सो गए, अब सावित्री को समझने में देर न लगी कि पति का अन्त समय आ गया है, सावित्री ने अपने पति सहित अपने आप को एक चक्र के अंदर कर लिया अब सत्यवान का शरीर शांत हो चुका था, यह दृश्य देख यमराज चक्र के अंदर आ गए और उन्होंने सावित्री को नानाभाँति से समझाया अब विलाप करना व्यर्थ है, जो आया है वह एक दिन जाएगा जरूर, और वह समझाते हुए सत्यवान की आत्मा पकड़ ले चलते बने जब सावित्री ने देखा कि आत्मा यमराज लिए जा रहे हैं आत्मा बिना शरीर तो माटी है यह सोच शरीर को त्याग, आत्मा के पीछे पीछे चली जा रही थी, जब यमराज ने पीछे मुड़कर देखा तो सावित्री चली आ रही थी यमराज बोले सावित्री से, शरीर धारी यमपुर नहीं जा सकते, इसलिए तुम सशरीर कहां जा रही हो, सावित्री बोली जहां मेरे पति की आत्मा जाएगी मैं भी वहीं जाऊंगी, यमराज बोले तुम वहां नहीं जा सकती हो सावित्री बोली मैं जाऊंगी मुझे कोई नहीं रोक सकता है, सावित्री बोली तत्वार्थदर्शी विद्वान ऐसा कहते हैं सात पग साथ चलने मात्र से मैत्री संबंध स्थापित हो जाता है, उसी मित्रता को सामने रखकर मैं आपसे कुछ निवेदन करूंगी उसे सुनिए, जिन्होंने अपने मन और इंद्रियों को वश में नहीं किया है, ऐसे व्यक्ति धर्मपालन में एक निष्ठा से जीवन नहीं जी सकते हैं। अपने ही वर्ण के सत्पुरुष सम्मत धर्म का पालन करने से सभी लोग उस विज्ञान मार्ग पर पहुंच जाते हैं, जो सबका लक्ष्य है। अतः धर्म अनुरागी को चाहिए कि वह दूसरे या तीसरे वर्ण की इच्छा नहीं रखनी चाहिए इसलिए साधु पुरुष केवल वर्ण धर्म को ही प्रधानता देते हैं।
यमराज बोले सावित्री सत्यवान छोड़ कोई एक वर मांग लो मैं तुम्हारे वर्ण धर्म के ज्ञान से संतुष्ट हो कर तुम्हें देता हूं।
सावित्री ने कहा हमारे सास ससुर जो नेत्रहीन हो गये हैं, और अपने राज्य से भी पृथक हो गए हैं, अपना खोया हुआ राज्य व नेत्र ज्योति दोनों को मिल जाए, यही वरदान मैं आपसे मांगती हूं। धर्मराज बोले ऐसा ही होगा। अब वापस लौट जाओ यमराज वर दे चलते बने, थोड़ा चलने पर उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो सावित्री चली आ रही है, धर्मराज रुक गए और बोले सावित्री आत्मा का साथ छोड़ दो सावित्री बोली गृहस्थ आश्रम में वियोग शुभ नहीं माना जाता है, जैसे कि सतपुरुषों का एक बार का समागम भी अत्यन्त अभीष्ट होता है। उनके साथ मित्रता हो जाना, उससे भी ज्यादा बढ़कर होता है। साधु पुरुष का संग कभी भी निष्फल नहीं होता।
अतः विवेकी व्यक्ति को चाहिए
सदा सत्पुरुषों के ही समीप रहना,
और पुत्री अगर सत्पुरुष ना मिले तो,
फिर विवेकी व्यक्ति को चाहिए,
सदा, सद्ग्रंथों के समीप बने रहना,
धर्मराज बोले पुत्री यह ज्ञान जीवन में मन के अनुकूल है तथा विद्वानों की भी बुद्धि को बढ़ाने वाला है। सावित्री सत्यवान छोड़कर कोई दूसरा वर मांग लो। हे यमराज मेरे पिताजी पुत्रहीन हैं उनके संतान हो जाए तब यमराज बोले जाओ वर दिया तुम्हारे पिता की कुल परम्परा को आगे बढ़ाने वाले एक सौ तेजस्वी भाई हो जाएंगे।
सावित्री अब वापस लौट जाओ धर्मराज फिर चलने लगे लेकिन उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो सावित्री फिर चली आ रही थी। यमराज फिर रुक गए बोले सावित्री अब इस आत्मा के साथ में न आओ, सावित्री बोली मैं कहां आ रही हूं हर बार लौटने का प्रयास करती हूं यह आत्मा ही मुझे अपने पास बुला लेती है। सावित्री बोली मन वाणी और क्रियाद्वारा, किसी भी प्राणी से द्रोह ना करना, सब पर दया भाव बनाए रखना, और दान देना यह सब साधु पुरुषों का सनातन धर्म है। मनुष्य को अपने आप पर उतना विश्वास नहीं होता है, जितना संतों पर होता है इसलिये सब लोग संतों से विशेष प्रेम करना चाहते हैं, और सौहार्द से ही समस्त प्राणियों का एक दूसरे के प्रति विश्वास उत्पन्न होता है, संतों में सौहार्द होने के कारण ही सब लोग उन पर अधिक विश्वास करते हैं।
यमराज बोले सावित्री जैसी बात तुमने कही है वैसी तेरे सिवा किसी दूसरे के मुख से नहीं सुनी है, इसलिए सत्यवान के जीवन को छोड़ तुम कोई भी वर मांग लो क्योंकि संत विश्वास को इससे अच्छा किसी ने आज तक नहीं कहा है।
सावित्री बोली अगर आपका वर पूर्ण हो जाएगा तो जरूर लौट जाएंगे, यमराज बोले मैं आत्मा ना मांगने दूंगा जो भी वर चाहो मांग लो वचन खाली न जाएगा, सावित्री ने सोचा मौका अच्छा है ऐसा वर मांगो की आत्मा भी वापस आ जाए और आत्मा मांगने भी ना पड़े, सावित्री तो विदुषी महिला थी इसलिए उसने ऐसा वर सोच लिया यमराज बोले सावित्री वर मांगों, सावित्री ने फिर कहा, महाराज यह इस जन्म में पूर्ण तो होगा, यमराज बोले वचन निष्फल न जायेगा, तब सावित्री ने कहा तो सुनिए महाराज, शाल्वदेश पर सत्यवान से उत्पन्न मेरे पुत्र राज करें, यमराज बोले तथास्तु पुत्री ऐसा ही होगा अब लौट जाओ।
सावित्री ने कहा मैं तो लौट जाती हूं, लेकिन आपके वरदान का क्या होगा, हमारी तो अभी कोई संतान ही नहीं है, इसलिए आपको वचन की लाज रखनी हो तो पति की आत्मा को छोड़ देना यह कहकर सावित्री सत्यवान के मृत शरीर कि तरफ लौट आई, इधर यमराज ने बिना विचार किए वचन दे दिया और धर्म संकट में फस गए, ना तो वह सत्यवान की आत्मा को छोड़ सकते थे, क्योंकि ब्रह्मा की दी हुई उम्र पूरी हो गई थी, न ही सत्यवान की आत्मा अपने साथ ले जा सकते थे क्योंकि वर और वचन पूर्ण न होगा अगर वचन पूर्ण न हुआ तो मानव क्या - क्या सोचेंगे कि ब्रह्मा के वंश में कैसा पुत्र पैदा हुआ जो वचन तो देता है पूर्ण नहीं करता जिस ब्रह्मा ने मानव की उत्पत्ति की लेकिन स्वयं के वंश में कैसा निकम्मा पुत्र पैदा हुआ, मानव समाज का लेखा-जोखा रखने वालो ने स्वयं अपने वंश को तो सुधार नहीं पाए, दूसरों को क्या सुधारेंगे, यमराज ने सोचा कि हमारे पूर्वज क्या सोचेंगे तुम्हारी जैसी संतान अगर कुल में होने लगे तो उससे तो यही अच्छा है कि सन्तान ही पैदा ना हो कुल ही खत्म हो जाए, यमराज के मन में ऐसे ही सैकड़ों सवाल उस समय उमड़ने लगे, सूर्य उस समय अस्त होने को था यमराज ने जब अपने पिता सूर्य की तरफ देखा तो उस समय सूर्य पर लालिमा छा गई थी, यमराज ने पिता की हालत का स्वयं को जिम्मेदार समझा और अचेत से हो गए और मन में नाना भांति की कल्पनाएं दौड़ने लगी अब एक स्वप्न सा देखा कि पिता सूर्य कह रहे हैं पुत्र मेरे तेज के आगे संसार में आज तक कोई ठहर ना पाया आज तुम्हारी वजह से मेरी यह हालत हो गई है, कैसे यमराज हो, और कैसी तुम्हारी धर्मनीति, मानव से वादा करते हो, तो उस पर अमल क्यों नहीं, यह कौन सी नीति है, पुत्र मानव को वचन दो तो उसे निभाओ प्रजा कभी नहीं कहती कि उसे वर दो तुम ही बड़ बोले बन जाते हो फिर धोखा करना कहां की शान है लेकिन पिताश्री अपने पूर्वजों का बनाया हुआ नियम टूटता है देवता क्या कहेंगे की वंशज ने ही वंश का नियम तोड़ डाला, सूर्य बोले पुत्र मानव की सेवा करने के लिए हर नियम को तोड़ दो देवताओं की आलोचनाओं की चिंता मत करो प्रजा की आलोचनाओं से बचो और यह मत भूलो कि तुम सिर्फ यमराज ही नहीं हो, धर्मराज भी तुम ही हो इसलिए न्याय करना भी आपका कर्तव्य है और यह जो तुम कार्य कर रहे हो यह विश्वास घात है, संसार का सबसे बड़ा पाप है, यमराज अब सचेत हो गए उन्होंने सत्यवान की आत्मा को बंधन मुक्त कर दिया और बोले "नारी की वाणी की मधुरता पर कभी विश्वास नहीं करना चाहिए" अपने लोक को चले गए।
सत्यवान की आत्मा वापस शरीर में प्रवेश कर गई थोड़ी ही देर में सचेत हो गए, सत्यवान ने देरी से जागने का कारण पूछा तो सावित्री ने सब घटनाचक्र कह सुनाया, दोनों आश्रम में आ गए सास ससुर को दिखाई देने लगा था सत्यवान से देरी से आने का कारण पूछा तो सत्यवान ने सब वृतांत माता पिता को सुनाया माता पिता अपने पुत्र का नया जीवन सुन अति प्रसन्न हुए, रात्रि भोजन कर विश्राम करने को चले गए, अब धर्मराज के वरदान ने प्रभाव दिखाया तो शाल्वदेश में उसी रात आपस में मंत्री और राजा में जंग छिड़ गई कुछ हाल मरे, कुछ भागे, कुछ घायल हुए, सुबह होते होते एक भी न बचा आपस में ही लड़ मरे, "राजयोग में कट्टर मित्र ही,
कट्टर शत्रु बनता है,
कट्टर शत्रु ही
कट्टर मित्र बनता है"
राज्य एक बार फिर राजा व मंत्री विहीन हो गया, तथा पूरी प्रजा ने फैसला किया कि इस राज्य के राजा द्युमत्सेन ही उचित रहेंगे उन्हें आदर सहित लाया जाए, तथा प्रजा के प्रमुख व्यक्ति आश्रम में आए, द्युमत्सेन को राजा सत्यवान को युवराज घोषित कर आदर सहित लिवा ले गए। मार्कण्डेय जी युधिष्ठिर से बोले जो व्यक्ति सत्यवान सावित्री के इस पवित्र उपाख्यान को श्रद्धा भक्ति के साथ सुनता है उसकी सब इच्छाएं पूर्ण होती हैं। और वह कभी दुख नहीं पाता है। पांडव भाइयों को कहानी सुनाकर ऋषि चले गए।
— प्रकाश चन्द्र सेठ