॥ जीव और जीवन ॥ · कविता
द्वापर और त्रेता
एक व्यक्ति ने वर्तमान स्थिति देख,
संवेदनशील होते हुये प्रश्न किया।
आज इंसान - इंसान नहीं बारूद का ढेर है,
मात्र दूर से ही चिंगारी की देर है।
जिस शून्य से चले थे,
वहाँ भी अभी नहीं पहुँच पाये है,
पर यू टर्न जरूर मार गये हैं।
आखिर हम किस युग में कहाँ जा रहे हैं,
वर्तमान से क्यो नजर बचा रहे हैं।
मित्र के शब्द सुन दूसरे ने व्यंग्य करते हुये उत्तर दिया।
हम कलयुग से सतयुग की तरफ जा रहे हैं,
बड़ी तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।
हम राम राज्य की तरफ से जा रहे हैं,
रिवर्स प्रणाली अपना रहे हैं।
हमने पिछले पचास सालों में
दो सौ सालों का रिकार्ड तोड़ दिया हैं।
उम्मीद रख अगले पचास सालों में
एक हजार साल का रिकार्ड तोड़ देगें।
फिर अगले कुछ सालों में
वह एतिहासिक सीन देखेगें।
द्रोपदी को दांव पर देखेगें,
मुरली वाले का क्लाईमेक्स देखेगें।
फिर राम राज्य के दैहिक, दैविक,
भौतिक सुख देखेगें।
एक धड़ पर दस सिर बीस भुजा का
प्रयोग चलते फिरते दिखेगें।
मर्यादा की पराकाष्ठा होगी,
भ्रात प्रेम की मानो अमृत बर्षा होगी।
बस कुछ सालों बाद सतयुग आ जायेगा,
कलयुग गुड बाय हो जायेगा।
पहले मित्र ने कुछ आक्रोशित होकर कहा,
कि क्या फ़रमा रहे हो।
कलयुग के बाद सतयुग आना चाहिए,
हम उलटे क्यों जा रहे हैं।
हमारे ग्रंथो में स्पष्ट वर्णन मिलता हैं,
सबको समय मिलता हैं।
दूसरे ने कहा जब ग्रंथ लिखे थे,
तब उस समय की गणना के अनुसार थे।
हम आपको वर्तमान की बता रहे हैं,
भूत को भगा रहे हैं।
चाहो तो जनता से पूछ लो
अपनी अपनी बात का वजन तौल लो।
अब हम कलयुग से सतयुग की तरफ जा रहे हैं।
पर बीच में द्वापर और त्रेता भी आ रहे हैं।
— प्रकाश चन्द्र सेठ