॥ जीव और जीवन ॥ · कविता

मोक्ष

प्रजा अपने मत का मूल्य समझ जाये
तो प्रजातंत्र राम राज्य सा बन जाये
स्वयं का अच्छा बुरा जो समझ जाये,
जीवन जीना आसान बन जाये

स्वतंत्रता जब से मिली स्वेच्छाचारी बन गये,
प्रजातन्त्र जब से बना प्रमादी बन गये,
अनमोल सम्पदा धारी होते हुये भी भूखे हो,
नंगे हो, समस्याओं से ग्रस्त रहते हो
एक मत का भी मूल्य जिस दिन समझ जाओगे
उस दिन से अनमोल बन जाओगे।

एक श्रोता मतदाता बुदबुदाया चिल्लाया
और कड़क कर बोला
क्या बकवास करते हो कवि हो,
इसलिये कविता में कुछ भी लिख देते हो
भला एक मत क्या परिवर्तन लायेगा,
क्या राष्ट्र को समृद्धशाली बना पायेगा
चहूँ ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है
हर कोई अत्याचार अनीति का रखवाला है
एसी विकट परिस्थिति में स्थिति में,
एकमत की भला क्या कीमत है।

सुनो प्यारे मतदाता - जिसे तुम एक मत कहते हो
वही तुम्हारी कीमत है।
सुख का अहसास दुख में
विपत्ति में ही सम्पत्ति की कीमत है।
वह विदुर भी एक मत था
धृतराष्ट्र की सभा का नीति निपुण था
महत्वाकांक्षी की हृदय इच्छा
जिसकी नीति के आगे नगण्य हो गई
विदुर के एक मत से
युद्धिष्ठर के संग में राज्य सत्ता हो गई।

जात - पात के दीवाने रहते हो,
राजनीतिक दलों के मत वाले रहते हो।
सुरा और शस्त्र के सहारे मतदान करते हो
प्रजातंत्र को बदनाम करते हो।
कीमत स्वयं की जानी नहीं
कहते हो दुनिया में कोई ज्ञानी नहीं
एक बार एकात्मिक होकर तो देखो,
फिर समाधान भी समस्या में देखो
जिसे तुम एक मत कहते हो
वह अंकुरित बीज है अविर्भावों के "मोक्ष" का।

— प्रकाश चन्द्र सेठ